एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला में बैंक ऑफ बड़ौदा की कसुम्पटी शाखा में 3.70 करोड़ रुपए के फ्रॉड का मामला सामने आया है। इस मामले में शाखा के सीनियर मैनेजर अंकित राठौर पर धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार, बैंक मैनेजर ने कृषि उपज विपणन समिति (APMC) S&K के खाते से 3.70 करोड़ रुपए किसी महिला के खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद यह रकम अलग-अलग सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई। जब बैंक के रीजनल हेड को मामले की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत छोटा शिमला थाना पुलिस को शिकायत दी। बैंक ऑफ बड़ौदा के डिप्टी रीजनल मैनेजर राजेश कुमार गाबा की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और सीनियर मैनेजर अंकित राठौर पर फ्रॉड का मामला दर्ज किया।
बैंक की प्रारंभिक जांच में खुलासा
पुलिस शिकायत से पहले बैंक ने आंतरिक जांच की थी। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन सभी खातों को फ्रीज कर दिया गया जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई थी। जानकारी के मुताबिक, महिला के खाते में अभी 90.95 लाख रुपए शेष हैं और यह राशि भी फ्रीज कर दी गई है। पुलिस पूछताछ में बैंक मैनेजर अंकित राठौर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने यह धोखाधड़ी कुछ अज्ञात लोगों के झांसे में आकर निजी फायदे के लिए की। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
