एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना घाट पर स्नान के दौरान दो सगे भाइयों समेत तीन युवक डूब गए। देर शाम तक गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बावजूद युवकों का कोई सुराग नहीं लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्वाली गांव का अमित (23) स्नान के दौरान अचानक डूबने लगा। उसे बचाने के लिए साथ नहा रहे दो सगे भाई कमलेश (22) और रजनीश (20), निवासी ग्वाली भी नदी में कूद पड़े। लेकिन यमुना की तेज धारा और गहरे पानी में तीनों ही डूब गए। करीब 15 मिनट तक संघर्ष करने के बाद तीनों युवक लहरों में बह गए।
गंगा स्नान से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण ग्वाली गांव से ग्राम देवता की पालकी लेकर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार गए थे। वापसी में मंगलवार को लोग पांवटा साहिब के यमुना घाट पर भी स्नान के लिए रुके। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत युवकों की तलाश की, लेकिन वे नाकाम रहे। प्रशासन को सूचना मिलने पर गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। यमुना घाट से लेकर नए निर्मित यमुना पुल तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन तीनों का कोई पता नहीं चला। अधिकारियों के अनुसार, यमुना का जल स्तर ऊंचा होने और बैराज योजना के पास बने भंवर में युवकों के फंसने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि युवकों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। गांव से एक साथ तीन युवकों के डूबने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा छा गया है। ग्रामीण यमुना घाट पर डटे हुए हैं और किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं।
