एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर रामपुर जिले में शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने चाटी से रामपुर तक अनुशासित पथ संचलन किया, जो राष्ट्रभक्ति और संगठन की शक्ति का प्रतीक बना।
जिला कार्यवाह रविकांत ने बताया कि इस पथ संचलन का उद्देश्य समाज में अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना है। स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आमजन को संघ के मूल विचारों से अवगत कराते रहे। उन्होंने आगे बताया कि यह समारोह संघ के वैचारिक योगदान, सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को रेखांकित करता है। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत पूरे वर्ष जिले भर में विविध सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग संघ की गतिविधियों से जुड़ सकें।
कार्यक्रम का समापन रामपुर स्थित सत्यनारायण मंदिर में हुआ, जहाँ सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक प्रार्थना की और विचारों का आदान-प्रदान किया।
