एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला दुग्ध विकास समिति की बैठक उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने तथा किसानों की आमदनी बढ़ाने हेतु विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध सहकारी समितियों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता समय पर उपलब्ध करवाई जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादन में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ प्रदान किया जाना चाहिए।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले की 57 पंचायतों में प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक दुग्ध उत्पादन होता है और इन सभी पंचायतों में दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जाना है। अब तक जिले में 26 दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पंचायत स्तर पर समितियों का गठन शीघ्र करवाएं ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस योजना का लाभ उठा सकें। बैठक में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. नीरज मोहन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
