एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश में 100 सरकारी स्कूलों को CBSE पाठ्यक्रम पर संचालित किया जाएगा। यह पहल गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्कूलों का अलग रंग और नई वर्दी
मुख्यमंत्री ने बताया कि CBSE पैटर्न वाले स्कूलों की इमारतों का रंग और बच्चों की वर्दी अन्य स्कूलों से अलग होगी। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, मेस की सुविधा, और विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
86 स्कूलों की पहचान पूरी, बाकी पर काम जारी
शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि अब तक 86 स्कूलों की पहचान पूरी हो चुकी है जो CBSE मानकों को पूरा करते हैं। बाकी स्कूलों में मानकों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिक्षा में सुधार के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा में 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल होंगे मील का पत्थर
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की समीक्षा भी की और अधिकारियों को इनकी प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए भी पूरा ध्यान दिया जाएगा ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
हर जिले में बनेगा स्टेट ऑफ आर्ट कॉलेज
सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में State-of-the-Art कॉलेज की स्थापना हो, जहां छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा के साथ-साथ सभी प्रकार की अकादमिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी मिलें।