एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरमु केल्टी में पंचायत घर बरमु का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा किया गया। यह बहुमंजिला पंचायत घर 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने जानकारी दी कि नए पंचायत घर में प्रधान, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक के लिए कार्यालय, बैठक हॉल, सामान्य सेवा केंद्र और दो शौचालय बनाए गए हैं। पहले पंचायत घर किराए के कमरे में संचालित होता था, लेकिन अब नए भवन से ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पहले पंचायत घर के निर्माण के लिए मात्र 33 लाख रुपये मिलते थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने लोक निर्माण विभाग से एकसमान डिज़ाइन तैयार करवाकर पूरे प्रदेश में आधुनिक पंचायत घर बनवाने शुरू किए हैं। इनमें एक जैसे रंग, टाइल्स और छत शामिल हैं। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में फिलहाल 17 पंचायत घर बन रहे हैं और प्रदेशभर में अब तक 125 पंचायत घरों को स्वीकृति दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि केल्टी क्षेत्र में सीवरेज का 75% कार्य पूर्ण हो चुका है और यह स्थानीय सहयोग से संभव हुआ है। मंत्री ने क्षेत्रवासियों से आगे भी विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि केल्टी पटवारखाना के लिए पहले स्वीकृत 12 लाख रुपये की राशि बढ़ाकर अब 42 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही पंचायत को 3 बीघा भूमि सामुदायिक भवन निर्माण के लिए उपलब्ध करवाई गई है, जिस पर स्थानीय लोगों की सहमति से कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि पंचायत घर के लिए आवश्यक फर्नीचर का अनुमान तैयार कर बजट का प्रावधान किया जाए। जल संकट से निपटने के लिए केल्टी में 3 लाख लीटर क्षमता वाला नया पानी का टैंक बनाने की घोषणा की गई। खेल मैदान और पार्किंग क्षेत्र के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा गया है ताकि बजट स्वीकृति कर निर्माण कार्य आरंभ हो सके।
इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष चंद्रकांता वर्मा, उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, प्रधान कमली राम, उप प्रधान सुदेश, पार्षद विशाखा मोदी, बीडीसी सदस्य बलविंदर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, युवक मंडल, महिला मंडल व स्वयं सहायता समूह के सदस्य मौजूद रहे।