एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की शिंगला पंचायत में स्थित देवता झाहरू नाग शनेरी का मंदिर रविवार देर रात भीषण आग की चपेट में आ गया। यह मंदिर चार मंजिला था और हाल ही में इसका निर्माण कार्य पूरा हुआ था। मंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना घट गई।
🔸 अढ़ाई करोड़ रुपये की लागत से हुआ था मंदिर का निर्माण
करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस भव्य मंदिर का निर्माण किया गया था। इसमें से 60 लाख रुपये सरकार की ओर से प्रदान किए गए थे, जबकि शेष राशि स्थानीय लोगों के सहयोग से एकत्र की गई थी। हाल ही में इसके उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर थीं।स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरा मंदिर अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग को सूचना देने के बावजूद आग पर काबू पाने में देर हो गई। मंदिर के भीतर रखी लकड़ी की सामग्री और धार्मिक वस्तुएं भी जलकर नष्ट हो गईं। मंदिर कमेटी और ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। यह मंदिर क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र था। मंदिर के नष्ट होने से लोगों में गहरा शोक और रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मुआवजा और पुनर्निर्माण की मांग की है।
🔸 पंचायत प्रधान ने दी जानकारी, प्रशासन ने जांच शुरू की
पंचायत प्रधान राज कुमार गौतम ने बताया कि आगजनी की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई है। प्रशासन ने मौके पर टीम भेजकर आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें :
>> रामपुर के शनेरी में देवता झाहरू नाग का मंदिर जला
