शिमला (एआरबी टाइम्स)। चिड़गांव उपमंडल की आंध्रा पंचायत के बड़ा पानु गांव में रविवार दोपहर एक दो मंजिला मकान में आग लग गई। इस भीषण आगजनी में आठ कमरे जलकर राख हो गए और दो परिवार पूरी तरह बेघर हो गए।
दिवाली से पहले हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ा
रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मकान में आग भड़क उठी। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने जब धुआं उठता देखा, तो तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। मकान सड़क से दूर होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका, जिससे आग तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन मकान और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। चमन लाल और दर्शन दास के परिवार प्रभावित हुए हैं। दोनों एक ही मकान में रहते थे और उनका सब कुछ नष्ट हो गया।
20 लाख का अनुमानित नुकसान, फौरी राहत जारी
प्रशासन ने करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। नायब तहसीलदार सुरेंद्र दांऊटू और पटवारी हलका ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और दोनों परिवारों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत दी। स्थानीय ग्राम प्रधान गिरधारी लाल और शमशेर सिंह ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने बेघर परिवारों को अस्थायी आवास उपलब्ध कराया।
ये भी पढें : >> HPBOSE Exam Update: अब 10वीं और 12वीं के सभी प्रश्न पत्र होंगे समान
