एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा/सोलन। हिमाचल प्रदेश में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसों में दो बच्चे सकुशल बच गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा में डंगे से टकराई वैन, दंपती की मौके पर मौत
पहला हादसा कांगड़ा में बाईपास पर हुआ, जहां एक वैन सड़क किनारे बने डंगे से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे सुरक्षित बच गए। मृतकों की पहचान कुलदीप निवासी भाटी, डाकघर स्कोट, तहसील नगरोटा बगवां और उनकी पत्नी तमन्ना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुलदीप अपनी पत्नी को भाई दूज के लिए मायके छोड़ने जा रहे थे। उनके साथ बच्चे परेक्षा (4) और सक्षम (6) भी सवार थे। पेशे से टैक्सी चालक कुलदीप परिवार के साथ घर से निकले ही थे कि कुछ दूरी पर गाड़ी अनियंत्रित होकर डंगे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
सोलन के चायल में कार खाई में गिरी, दो की मौत
दूसरा हादसा सोलन जिले की चायल पंचायत के चगांव में बुधवार देर रात हुआ। एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। स्थानीय निवासी ने बताया कि रात करीब आठ बजे उसे तेज आवाज सुनाई दी और जब वह मौके पर पहुंचा तो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त मिली। वाहन में चार लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अमन निवासी पुलवाहल चौपाल और पूर्ण सिंह निवासी दमाचोर, नेपाल के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : >> Rampur Bushahr: दत्तनगर में होटल की चौथी मंजिल से गिरा युवक, मौके पर मौत
