एआरबी टाइम्स ब्यूरो, नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदतर हालत को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने औद्योगिक क्षेत्र मोगीनंद में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने किया। इस मौके पर विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। डॉ. बिन्दल ने कहा कि सड़कों को पहाड़ों की भाग्य रेखा कहा जाता है, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के निकम्मेपन के कारण ये भाग्य रेखाएं अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। नाहन विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की हालत इतनी खस्ता है कि हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जबकि सरकार और स्थानीय विधायक मौन हैं।
भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़कें ठीक नहीं की गईं, तो जनता को उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ खड़ी है और सड़कों की दयनीय स्थिति को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिंदल ने आरोप लगाया कि सड़कों में पड़े गड्ढों को ठीक करने के बजाय उनमें सिर्फ मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है। बरसात में यह मिट्टी दलदल और कीचड़ में बदल जाती है, जबकि अब बरसात के बाद पूरे क्षेत्र में धूल उड़ रही है, जिससे लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, भाजपा प्रदेश एससी मोर्चा अध्यक्ष मनीष चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, मंडल अध्यक्ष सुशील शर्मा समेत यशपाल शर्मा, सुलेमान, इस्लाम, राजीव चौधरी, संदीप तोमर, कमल शर्मा, रतन चौधरी, रामचंद्र, डॉ. मित्तल, रमन भारद्वाज, नितिन गोयल, अंकुर राणा, पुष्पा रानी, हंसराज आदि उपस्थित रहे।












