एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर जलविद्युत स्टेशन में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मरवाह ने दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई। इसके उपरांत सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत “सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी” थीम पर एक वॉकथॉन का आयोजन किया गया।
इस वॉकथॉन का उद्देश्य ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिकता के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम को विकास मरवाह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा ठेकेदार प्रतिनिधि उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह की गतिविधि न होकर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनाई जाने वाली एक सतत आदत होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखने का आग्रह किया।

रामुपर जल विद्युत परियोजना ने स्थापित किया नया कीर्तिमान
इसी क्रम में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (SJVN) की इकाई रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। स्टेशन ने अपने कमीशनिंग के बाद से अक्टूबर माह में अब तक का सर्वाधिक मासिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया है। अक्टूबर 2025 में रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने 164.7347 मिलियन यूनिट (MU) बिजली का उत्पादन किया, जो अक्टूबर 2021 के 160.9572 MU के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के सतत प्रयासों, कुशल संचालन तथा मजबूत टीम वर्क का परिणाम है। जल प्रबंधन, रखरखाव योजना और उत्पादन दक्षता को बढ़ाने में रामपुर एचपीएस टीम की प्रतिबद्धता ने अहम भूमिका निभाई है। इस उपलब्धि पर परियोजना प्रमुख ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएँ एसजेवीएन के मिशन को और सशक्त बनाती हैं, जिसके तहत संस्था देश की ऊर्जा सुरक्षा में सतत और दक्ष विद्युत उत्पादन के माध्यम से योगदान दे रही है।
