एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और बागवानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, नकदी फसलें उगाने और प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। वह ग्राम पंचायत चनावग के हशकरधार में आयोजित खंड स्तरीय किसान सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। 2018 से अब तक 2.22 लाख किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं। शिमला जिला में 3734 हेक्टेयर भूमि, जबकि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 540 हेक्टेयर भूमि प्राकृतिक खेती के तहत कवर की गई है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए अब तक 5.50 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं जिससे लगभग 35 हजार किसानों को लाभ मिला है।
पंचायत क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने बताया कि चनावग पंचायत के लिए अब तक 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने हशकरधार के बंद प्राथमिक विद्यालय को पुनः खोलने पर ग्रामीणों को बधाई दी और कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरदराज के बच्चों को घर-द्वार पर शिक्षा देना है। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चनावग के ग्राउंड की दीवार के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की जानकारी दी। जूड से खुराना संपर्क सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा और जुडला से हशकरधार तक नई सड़क प्राथमिकता से बनाई जाएगी।
पेयजल योजनाओं पर 11 करोड़ से अधिक खर्च:
उन्होंने बताया कि गलोग घंडल उठाऊ पेयजल योजना पर 3.20 करोड़ रुपये, बसंतपुर कलवी योजना पर 4.75 करोड़ रुपये और सैंज-मचराणा योजना पर 3.19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना से चनावग और नेहरा पंचायतों को पर्याप्त पेयजल सुविधा मिलेगी।
नई घोषणाएं:
विक्रमादित्य सिंह ने चनावग से हरसंगधार सड़क के लिए 5 लाख रुपये, धामरा डोरा-दुर्गापुर सड़क के लिए 2 लाख रुपये और हशकरधार में सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। किसान सम्मेलन के दौरान परियोजना निदेशक आत्मा डीसी कश्यप ने प्राकृतिक खेती और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनके लिए मुख्यातिथि ने 11 हजार रुपये अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में पंचायत समिति बसंतपुर के अध्यक्ष कर्म चंद, नगर परिषद सुन्नी के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, मंडल कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष गोपाल शर्मा, उपनिदेशक कृषि अजब नेगी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
