एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर थाना क्षेत्र में रोहड़ू रोड पर स्थित खनाशधार में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 60 से 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
घायल तेनजिन नेगी (19), निवासी पूह किन्नौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 14 नवंबर को लवी मेला देखने रामपुर आया था। वहां उसकी मुलाकात अपने जीजा रिंगजिन दोरजे और रिश्तेदार कर्मा दोरजे से हुई। तीनों मेला देखने के बाद भद्राश पहुंचे और होटल रॉयल रीजेंसी में रुके।
रात का खाना खाने के बाद रिंगजिन दोरजे कमरे में सो गए। इसके बाद कर्मा दोरजे ने होटल के रिसेप्शन से रिंगजिन की कार की चाबी ली और तेनजिन के साथ कार में निकल पड़े। कार कर्मा दोरजे चला रहा था। जैसे ही वे रोहड़ू रोड की ओर बढ़े और खनाशधार पहुंचे, मोड़ लेते समय वाहन से अचानक उसका नियंत्रण छूट गया। कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई, जिससे चालक कर्मा दोरजे की मौत हो गई और तेनजिन घायल हो गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में जांच शुरू कर दी है।
