एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रचोली की कुमारी रितिका ने इतिहास रचते हुए रामपुर ब्लॉक की पहली महिला राशन विक्रेता बनने का गौरव प्राप्त किया है। रामपुर उपमंडल की दी रचोली कृषि सेवा सहकारी सभा समिति में विक्रेता पद हेतु आयोजित साक्षात्कार में रितिका पुत्री राज कुमार ग्राम रचोली का चयन किया गया। चयन समिति द्वारा आयोजित साक्षात्कार में कुल चार अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें शैक्षणिक योग्यता और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर रितिका सर्वश्रेष्ठ रहीं।
रितिका का चयन उनके परिश्रम, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि वह रामपुर ब्लॉक की पहली बेटी हैं जिन्हें राशन विक्रेता पद पर नियुक्ति मिली है। इससे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है और अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा का मार्ग खुला है। स्थानीय लोगों ने रितिका को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी जिम्मेदारी निष्ठा, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ निभाएँगी। क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का यह उदाहरण समाज के लिए प्रेरणादायक है।
