एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
तकनीकी शिक्षा, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने गोविंद सागर झील के समीप लुहणू मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया। मंत्री ने क्रूज़ के माध्यम से झील में पहुंचकर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को हरी झंडी दिखाते हुए प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत सहित हिमाचल के 200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर पैराग्लाइडिंग पायलटों ने हवा से पुष्प वर्षा कर माहौल को आकर्षक बनाया। इसके साथ ही स्टिल वॉटर राफ्टिंग, कैनोइंग एवं कयाकिंग की प्रतियोगिताओं का रोमांचक प्रदर्शन हुआ, जिसमें हिमाचल की टीम विजयी रही। मंत्री ने मेला ग्राउंड में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों, रेडक्रॉस और आजीविका मेले का भी शुभारंभ किया।
राजेश धर्माणी ने कहा कि सरकार बिलासपुर को वीकेंड टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है, जिससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय रोजगार भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बहादुरपुर, कोटधार, बंदला और सयूल खास क्षेत्रों में पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि औहर में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा पर्यटन केंद्र विकसित किया जा रहा है। बिलासपुर में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थापित करने के लिए भूमि चयन भी जारी है। रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ने से जिले की व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। किसानों और पशुपालकों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, गेहूं-मक्का-हल्दी पर एमएसपी सुनिश्चित करने और मत्स्यपालकों की रॉयल्टी को 15% से घटाकर 7.5% करने जैसे निर्णयों की जानकारी भी मंत्री ने दी। फोरलेन मार्ग पर मछली बेचने के लिए दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले मेलों एवं कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित करने हेतु जिला प्रशासन वार्षिक कैलेंडर भी तैयार करेगा, जिससे वर्षभर गतिविधियों का प्रवाह बना रहेगा।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की और बताया कि यह आयोजन जल क्रीड़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और नशा-मुक्ति जागरूकता का अनूठा संगम है।
इस अवसर पर मंत्री ने कुपोषित बच्चों को विशेष पोषण किट, तथा मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
