Rampur Bushahr: विश्व एड्स दिवस पर सर्वपल्ली संस्थान नोगली में जागरूकता कार्यक्रम और रैली नुक्कड़ नाटक

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर

सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड/एमएड संस्थान नोगली में विश्व एड्स दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एड्स (HIV/AIDS) के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, भेदभाव मिटाना और समाज में सहानुभूति एवं सहयोग की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने रामपुर बाजार में जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने राज दरबार, रामपुर से हरी झंडी दिखाकर किया। संस्थान पिछले कई वर्षों से 1 दिसंबर को भव्य रैली एवं नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन करता आ रहा है, जो समाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विश्व एड्स दिवस के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि इस दिवस का उद्देश्य एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने रैली के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों को आशीर्वाद एवं बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से लोगों को एड्स के लक्षण, इसके कारण, रोकथाम, उपचार और जागरूकता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। नाटिका का उद्देश्य समाज से इस महामारी को जड़ से मिटाने के प्रयासों को मजबूत करना रहा।

प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा प्रतिवर्ष 1 दिसंबर को मनाया जाने वाला विश्व एड्स दिवस, HIV संक्रमण और उसके बचाव के उपायों के प्रति वैश्विक जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एड्स से बचाव केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। HIV संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त कर उन्हें सम्मान, समर्थन और समान अवसर देना आवश्यक है।

Leave a Comment