एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। जिसमेंं एसएमसी अध्यक्ष पार्वती आनंद बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। शिविर के दौरान स्वयंसेवी दत्तनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता की अलख जगाएंगे। शुभारंभ अवसर पर स्वयंसेवियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
इस विशेष शिविर में करीब 50 स्वयंसेवी पूरे सप्ताह विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ योजना के अंतर्गत प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। इस दौरान स्वयंसेवियों ने हिमाचली लोक नृत्य प्रस्तुत कर प्रदेश की लोक-परंपराओं को जीवंत किया। वहीं, कथकली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में देश की विविध सांस्कृतिक धरोहर को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर बृज ठाकुर, देवेंद्र लक्टू एवं पविंद्रा नेगी ने स्वयंसेवियों को समाज सेवा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों के स्रोत व्यक्ति स्वयंसेवियों को जागरूक करेंगे। साथ ही स्वयंसेवी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
