एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के नावर का एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से भेंट कर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे व्यापक विकास के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश सरकार के हालिया प्रगतिशील निर्णयों से नावर क्षेत्र तेजी से एक शिक्षा हब के रूप में उभर रहा है, जिससे छात्रों को अपने घर के पास ही उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय महाविद्यालय टिक्कर में चार वर्षीय एकीकृत बीएड कार्यक्रम की घोषणा को ऐतिहासिक बताया। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय सावड़ा में स्नातकोत्तर कक्षाओं की शुरुआत से अब छात्र बीवॉक (हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म), बीवॉक (रिटेल एंड फाइनेंस), एमए अंग्रेजी, एमए हिंदी और एमकॉम जैसे पाठ्यक्रम कर सकेंगे। एलबीएस राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में दो वर्षीय बी.पी.एड. कोर्स की स्वीकृति से भी उच्च शिक्षा के नए द्वार खुले हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने स्कूलों में सीबीएसई व्यवस्था लागू किए जाने और कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय खोले जाने को भी शिक्षा स्तर में बड़ा सुधार बताया। वहीं प्रगति नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजीनियरिंग, बी-टेक सिविल और पॉलिटेक्निक सिविल इंजीनियरिंग जैसे नए कोर्स शुरू होने को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दे भी उनके समक्ष रखे। इस पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि प्रदेश व क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जुब्बल-कोटखाई कांग्रेस अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, ग्राम पंचायत के प्रधान, उप-प्रधान, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
