शिमला। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी और नशे के जाल को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर में पुलिस ने अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मां और उसके दो बेटे भी शामिल हैं। तीनों स्थानों पर दर्ज हुई FIR के बाद पुलिस नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।
सोलन में पुलिस ने चौक बाजार से 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में एक मां और उसके दो बेटे गिरफ्तार किए गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों की चौक बाजार में कॉस्मेटिक दुकान है और इसी दुकान को आड़ बनाकर चिट्टा सप्लाई किया जाता था। पुलिस का अनुमान है कि यह गिरोह शहर व आसपास के युवाओं को नशा बेचने में शामिल था। आरोपी आज अदालत में पेश किए जाएंगे और रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जाएगा कि चिट्टा कहां से लाया जाता था।
सहायक बैंक प्रबंधक बोला-नशे का आदी हूं
हमीरपुर में पुलिस ने शुक्रवार शाम ऑपरेशन के तहत बैंक के सहायक प्रबंधक और दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। सहायक प्रबंधक पकड़े जाने पर भावुक हो गया और बोला कि वह नशे का आदी हो चुका है। तीनों के ड्रग टेस्ट करवाए गए हैं। बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा का खुलासा अभी बाकी है, लेकिन पुलिस पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद जता रही है।
चिट्टा कहां से लाया, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर जिले के मंडी–भराड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार की जांच की और 3.3 ग्राम चिट्टा बरामद करके दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों युवक फोरलेन के माध्यम से नशा सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस यह पड़ताल कर रही है कि चिट्टा स्थानीय स्तर से खरीदा गया या किसी बड़े तस्कर समूह से मंगाया गया था। पुलिस ने तीनों मामलों में FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का बयान है कि नशा तस्करी और चिट्टे की सप्लाई को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
