एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के दुर्गम 15/20 क्षेत्र के सरपारा में पिछले छह महीनों से बस सेवाएं पूरी तरह ठप्प पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने वीरवार को क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार व विभागों पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि सरकार और उसके प्रतिनिधि जहां तीन साल की नाकामी का जश्न मनाने में व्यस्त हैं, वहीं ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयां झेल रहे हैं। नेगी ने आरोप लगाया कि प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण आपदा से ध्वस्त हुए सड़क के हिस्से पर डंगा लगाने का कार्य कछुए चाल से चल रहा है, जिसके कारण बस सुविधा बहाल नहीं हो पा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डंगा निर्माण को युद्धस्तर पर पूरा कर लोगों को राहत नहीं दी गई तो ग्रामीण विरोध करने को मजबूर होंगे। इस देरी से ग्रामीणों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और सरकार व विभाग के प्रति भारी रोष है।
