एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के पुलिस थाना कुमारसैन के तहत तीन व्यक्तियों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मुख्य आरक्षी पियूष राज, अन्वेषण अधिकारी डिटेक्शन सेल उपमंडल रामपुर के नेतृत्व में लूहरी–सुन्नी संपर्क मार्ग पर झूझन के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने 6.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। कार में सवार महेन्द्र सिंह पुत्र सोहन सिंह (39), दिवान सिंह पुत्र मनसा राम (41), निवासी झियारा तथा महेन्द्र सिंह पुत्र हरनंद (42), निवासी डीम, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू से नशीला पदार्थ कब्जे में लिया गया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कुमारसैन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
