शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें 12 दिसंबर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद परिसर में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन की ओर से प्रतिष्ठित ‘यूथ एंड आइकॉन’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें युवा नेतृत्व, बौद्धिक राजनीति और हिमाचल प्रदेश में आपदा के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। संस्था के अनुसार विक्रमादित्य सिंह ने प्रभावी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के युवा वर्ग के बीच एक प्रेरणास्रोत नेता के रूप में पहचान बनाई है। इसी आधार पर उन्हें ‘यूथ आइकॉन एंड इंटेलेक्चुअल पॉलिटिक्स’ श्रेणी में यह अवाॅर्ड दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के एक सामान्य नागरिक और मंत्री के रूप में यह उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान उन्हें लंदन के संसद भवन पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर स्थित ऐतिहासिक चर्चिल रूम में प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश में अधोसंरचना विकास, सतत प्रगति और समावेशी सुशासन के लिए किए जा रहे प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय पहचान है। विक्रमादित्य सिंह ने दोहराया कि वे प्रदेश की परंपराओं और मूल्यों के अनुरूप हिमाचल के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
