एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला जिले के रोहडू उपमंडल से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का खुलासा हुआ है। पीड़िता ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जिसके चलते वह चार महीने की गर्भवती हो गई।
जानकारी के अनुसार, पेट में दर्द की शिकायत के बाद नाबालिग को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सीय जांच के दौरान गर्भावस्था का पता चला। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ रोहडू प्रणव चौहान ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
