एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव अंकुर शर्मा को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा एक नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामपुर शहर से संबंध रखने वाले अंकुर शर्मा को कुल्लू जिला का क्षेत्रीय प्रभार दिया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
यह जिम्मेदारी अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं राज्य प्रभारी शेष नारायण ओझा तथा आईवाईसी सचिव एवं राज्य सह-प्रभारी ज्योतिष एचएम की स्वीकृति के उपरांत सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंकुर शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
अंकुर शर्मा ने कहा कि कुल्लू जैसे महत्वपूर्ण जिले में युवा कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय, संगठित और मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से नियमित मासिक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कार्य-प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। साथ ही, जमीनी स्तर पर युवाओं की समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें पार्टी और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
अंकुर शर्मा ने कहा कि युवा कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना और उन्हें सामाजिक व राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना है।
