एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला सोलन के कंडाघाट में दिव्यांगजनों के लिए स्थापित किए जाने वाले दिव्यांगजन शिक्षा उत्कृष्टता केंद्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप इस परियोजना का शिलान्यास निर्माण कार्य लगभग 25 प्रतिशत पूर्ण होने के बाद किया गया है। यह उत्कृष्टता केंद्र 45 बीघा भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जिस पर 200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने परियोजना के प्रथम चरण का कार्य अक्तूबर 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस केंद्र में 300 दिव्यांग बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय सुविधा और खेल मैदान उपलब्ध होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्र परिसर में 500 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह संस्थान दिव्यांगजनों को उच्च शिक्षा, विशेष शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाएगा। इसके अतिरिक्त, दिव्यांगता की प्रकृति और गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला केंद्र होगा और देशभर के लिए एक मॉडल संस्थान के रूप में उभरेगा।
उन्होंने बताया कि संस्थान के अंतर्गत 15 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से महिलाओं के लिए कामकाजी छात्रावास का भी निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले छात्रों को 625 से 3,750 रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 1,150 से 1,700 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। इसके अलावा विवाह अनुदान के तहत 40 से 74 प्रतिशत दिव्यांगता पर 25 हजार रुपये और 75 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता पर 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सोलन अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ सुविधाओं और ट्रामा सेंटर के लिए 50 करोड़ रुपये, सिविल अस्पताल कंडाघाट के लिए 5 करोड़ रुपये तथा कंडाघाट में खेल मैदान के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जोगिन्द्रा बैंक के वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन भी किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र को दी गई विकास योजनाओं के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, बैंक अध्यक्ष, नगर निगम प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
