एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
देश की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एसजेवीएन के इस प्रतिष्ठित पावर स्टेशन ने 18 जनवरी को 7,000 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली उत्पादन का आंकड़ा पार करते हुए परियोजना के इतिहास में दूसरी सबसे तेज गति से यह उपलब्धि हासिल की।
इस रिकॉर्ड के साथ नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने 26 जनवरी 2025 को बनाए गए अपने ही पिछले दूसरे सबसे तेज 7,000 एमयू उत्पादन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। उल्लेखनीय है कि परियोजना की ओर से अब तक का सबसे तेज 7,000 मिलियन यूनिट उत्पादन का रिकॉर्ड 04 जनवरी 2012 को स्थापित किया गया था, जो परियोजना के सर्वाधिक वार्षिक बिजली उत्पादन वाले वर्ष के दौरान हासिल हुआ था। एनजेएचपीएस की यह उपलब्धि परियोजना की उच्च तकनीकी दक्षता, सुदृढ़ संचालन प्रणाली तथा सभी विभागों के सामूहिक और समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
सीएमडी ने कहा – उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को दर्शाता है यह कीर्तिमान
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह कीर्तिमान नाथपा-झाकड़ी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के प्रदर्शन की अपेक्षा जताई। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस सफलता को संगठन की सामूहिक क्षमता, प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन और विभागीय समन्वय का परिणाम बताया। वहीं परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस उपलब्धि के लिए एसजेवीएन प्रबंधन, भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), हिमाचल प्रदेश सरकार तथा शिमला और किन्नौर जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ओएंडएम, पावर हाउस और नाथपा टीम के अथक प्रयासों की सराहना की।
