एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्ष और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में भव्य परेड, विभागीय झांकियों का प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान एकलव्य कला मंच, हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रथम वाहिनी आईआरबीएन बनगढ़, ऊना की ओर से एंटी चिट्टा अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।इसके अलावा उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के दलों सहित हमीरपुर व शिमला के सांस्कृतिक दलों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। रिज मैदान पर निकाली गई झांकियों में पुलिस विभाग की झांकी विशेष आकर्षण रही, जिसमें चिट्टा नशे के विरुद्ध चल रहे जागरूकता अभियानों को दर्शाया गया।
ऋतिक चौहान को मिला उत्तम जीवन रक्षा पदक

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ऋतिक चौहान (गांव गागना, चौपाल, जिला शिमला) को वर्ष 2024 के उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर खेल रही दो बच्चियों की जान बचाई थी, जिसमें वे स्वयं घायल हो गए। परेड कमांडर लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी (जे एंड के राइफल) के नेतृत्व में सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, पंजाब पुलिस, हिमाचल पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड और आपदा प्रबंधन दल ने मार्च पास्ट किया। समारोह में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, कुलदीप सिंह राठौर, महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, डीजीपी अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
