एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन नशा तस्करों की कुल ₹2.65 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्तियों को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। इन संपत्तियों में मकान, वाहन, आभूषण व नकदी शामिल हैं। हिमाचल पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि ये नशा तस्कर कांगड़ा जिले के हैं। पुलिस का यह अभियान मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने और तस्करों की आर्थिक ताकत खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम है। यह कार्रवाई नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए सख्त संदेश है कि उन्हें किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक 6 अप्रैल को धर्मशाला थाना की टीम ने संजय कुमार उर्फ छप्पन और सुमन कुमारी उर्फ वर्षा के कमरे से 1.246 किलोग्राम चरस बरामद की थी। संजय के खिलाफ पूर्व में भी NDPS और IPC की धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध आय से तीन मकान (₹1,55,03,700) और चार वाहन (महिंद्रा स्कॉर्पियो, मारुति स्विफ्ट, रॉयल एनफील्ड, एक्टिवा स्कूटी) खरीदे, जिनकी कीमत ₹4,49,916 है। संजय की कुल संपत्ति ₹1,59,53,616 आंकी गई है, जिसे जब्त किया जाएगा। दूसरे मामले में 6 नवंबर 2024 को थाना कांगड़ा ने पवन कुमार और उसकी पत्नी नीना को 26.10 ग्राम चिट्टा, ₹44,580 नकद, 241 ग्राम सोना और 1207 ग्राम चांदी के साथ गिरफ्तार किया था। पवन के खिलाफ पहले से ही NDPS अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि उसके पास गांव अरला, सकोट और तरसूहां में तीन मकान हैं, जिनकी कुल कीमत ₹81,45,267 है। चल संपत्तियों में आभूषण और नकदी की कीमत ₹24,67,800 आंकी गई, जिससे कुल संपत्ति ₹1,06,13,067 होती है। एक अन्य मामले में कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्कर की ₹51 लाख की संपत्ति जब्त कर चुकी है।