एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला/उत्तराखंड
उत्तराखंड के कवानु क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक बस दुर्घटना सामने आई है। नेरवा डिपो की एचआरटीसी बस संख्या HP-66A-2588, जो चौपाल–पांवटा रूट पर जा रही थी, पास देते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा सुबह करीब 09:30 बजे हुआ।
बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद सेवा दे रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में 31 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पास देते समय बस फिसल गई, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। निरीक्षक अब्दुल्ला खान मौके के लिए रवाना हो चुके हैं, वहीं स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
