एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर जल विद्युत परियोजना में एसजेवीएन लिमिटेड का 38वां स्थापना दिवस उत्साह, सम्मान और गर्व के साथ मनाया गया। यह परियोजना एसजेवीएन की प्रमुख उपलब्धियों में से एक है और राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समारोह की शुरुआत परियोजना प्रमुख विकास मारवाह द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस आयोजन में वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य व्यक्तियों भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर “पीपल्स चॉइस एसजेवीएन स्टार अवार्ड” के अंतर्गत 08 कार्यपालक एवं गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही रामपुर परियोजना के एक हेल्थ चैंपियन विजेता को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख ने एसजेवीएन परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सभी का साझा उत्तरदायित्व है कि निगम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई जाए। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और संगठन की साझा दृष्टि को साकार करने हेतु प्रेरित किया।