एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही भव्य कल्चरल परेड की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति के संयोजक एवं अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने की। अतिरिक्त उपायुक्त ने जानकारी दी कि 20 फरवरी, 2026 को सायंकाल मंडी शहर में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और स्थानीय लोक संस्कृति से सुसज्जित भव्य कल्चरल परेड का आयोजन किया जाएगा। यह परेड उपायुक्त कार्यालय परिसर से आरंभ होकर सेरी मंच होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर तक परिभ्रमण करेगी।
उन्होंने बताया कि इस सांस्कृतिक परेड में भाग लेने के लिए कुल 33 सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें 13 अंतरराष्ट्रीय तथा 6 देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले दल शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय दलों में संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, फ्रांस, तजाकिस्तान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, बोलीविया, नेपाल, भूटान और श्रीलंका के सांस्कृतिक दल सम्मिलित होंगे। गुरसिमर सिंह ने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय दलों की सहभागिता से शिवरात्रि महोत्सव का वैश्विक स्वरूप और अधिक सशक्त होगा तथा स्थानीय लोगों को विश्व की विविध संस्कृतियों से रू-बरू होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि भारत के विभिन्न राज्यों से भी सांस्कृतिक दल परेड में भाग लेंगे, जिनमें राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, असम और मणिपुर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर के सांस्कृतिक दल भी परेड की शोभा बढ़ाएंगे। मंडी जिला के पांच सांस्कृतिक दल भी इस भव्य आयोजन में सहभागिता करेंगे। इसके अलावा गतका दल, गृहरक्षक बैंड, विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियां तथा अन्य प्रतिभागी भी कल्चरल परेड का हिस्सा होंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) और उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी) से समन्वय स्थापित कर सांस्कृतिक दलों के आगमन, परिवहन, ठहराव और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। साथ ही परेड मार्ग की साज-सज्जा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में उपमंडलाधिकारी (ना.) रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त (मंडलायुक्त) सुनयना शर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी डॉ. मनु वर्मा, जिला भाषा एवं संस्कृति अधिकारी रेवती सैनी, जिला विकास अधिकारी गोपीचंद पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
