एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्प्रिंडेल स्कूल की होनहार छात्रा सृष्टि वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय यूरेशियन कप चयन कुडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सूरत, गुजरात में आयोजित इंटरनेशनल ट्रायल्स में सृष्टि ने अंडर-14 आयु वर्ग में दमखम दिखाते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। कठिन मुकाबलों के बीच उनके आत्मविश्वास, तकनीक और अनुशासन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के आधार पर सृष्टि का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जॉर्जिया में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह अवसर उन्हें विश्व चैंपियनशिप अथवा अन्य अंतरराष्ट्रीय कुडो टूर्नामेंट में भाग लेने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
सृष्टि की इस उपलब्धि से स्कूल और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनके कोच पंकज शर्मा के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास का इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय बनी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने सृष्टि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।
