एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के पुलिस थाना झाकड़ी के तहत कुन्नी गांव में 26 फरवरी से लापता एक महिला का शव गहरी खाई से बरामद किया गया। मृतका की पहचान 45 वर्षीय कृष्णा देवी, पत्नी दीवान सिंह, निवासी कुन्नी, शाहधार के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा देवी 26 फरवरी की सुबह घर से निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान दिन के समय गांव कुन्नी के समीप एक गहरी और पथरीली खाई में महिला का शव दिखाई दिया। खाई अत्यंत गहरी और दुर्गम होने के कारण शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की सहायता मांगी।
ज्यूरी से एनडीआरएफ की 14वीं टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसी दिन शव को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। अगले दिन 27 फरवरी की सुबह एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अशोक के नेतृत्व में टीम ने दोबारा अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
