एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पीजी कॉलेज रामपुर में शुक्रवार को स्वच्छ भारत अभियान 2025-26 के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और प्लास्टिक मुक्त परिसर का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर होटल प्रबंधन, कैटरिंग एवं पोषण संस्थान, कुफरी की टीम ने महाविद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्लास्टिक के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि प्लास्टिक बैग, कप, प्लेट, बोतलें और स्ट्रॉ जैसी सिंगल यूज़ वस्तुएं पर्यावरण, जल स्रोतों और जीव-जंतुओं के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। ये प्लास्टिक सामग्री लंबे समय तक नष्ट नहीं होती और प्रदूषण का प्रमुख कारण बनती है।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राध्यापक राजेश नेगी, डॉ. जितेंद्र साहनी एवं डॉ. रंजू की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष छह प्रतिभागियों में सरिका जोकटा, कुषारिका ठाकुर, एंजेल ठाकुर, विशाली, संध्या मिश्रा तथा निकिता के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने दिया प्लास्टिक मुक्त परिसर का संदेश
एनएसएस स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संदेश फैलाया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प दिलाया।
