एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुमारसैन/ठियोग
शिमला जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कुमारसैन क्षेत्र में हुआ, जहां एक थार वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वहीं दूसरा हादसा ठियोग उपमंडल में हुआ, जहां कार दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
कुमारसैन में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार
कुमारसैन थाना क्षेत्र के भरेड़ीधार सड़क पर जरोल के पास सुबह करीब 7 बजे एक थार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर नीचे नाले में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने वाहन गिरने की आवाज सुनी और तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर एक व्यक्ति वाहन से बाहर अचेत अवस्था में मिला, जबकि एक महिला सीट बेल्ट से बंधी गाड़ी के अंदर गंभीर रूप से घायल थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से कोटगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। ठियोग के पास उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अंकुर राजपाल और उनकी पत्नी अपराजिता निवासी फ्लैट नंबर 379, सेक्टर-48A, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
ठियोग में कार खाई में गिरी, चालक की मौके पर मौत
दूसरा हादसा ठियोग उपमंडल के देहा क्षेत्र के जुब्बड़ के पास शुक्रवार रात करीब पौने दो बजे हुआ। नरेश कुमार (37) निवासी दोची डाकघर भुजल, जिला सिरमौर नेरीनगर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि नरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला। शनिवार सुबह करीब 10 बजे सिविल अस्पताल ठियोग में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
