एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के जाणा गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, फागली उत्सव से लौट रही एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार हादसा रविवार तड़के करीब 3:30 बजे जाणा वॉटरफॉल के समीप हुआ। बोलेरो कैंपर में सवार पांच युवक फागली उत्सव में देवता के दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
घायल 20 वर्षीय विवेक निवासी गांव कोटाधार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे सभी शनिवार को जाणा गांव में फागली उत्सव में शामिल होने आए थे। जाणा बस स्टैंड से लगभग 250 मीटर आगे वॉटरफॉल के पास चालक अविनाश ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया।गाड़ी पहले पहाड़ी से टकराई और फिर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में बोलेरो चालक 20 वर्षीय अविनाश और सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विवेक, हेमराज और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
