एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के ज्यूरी में शहीद पवन धंगल की स्मृति में आठवां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में ज्यूरी, सराहन, गानवी, बधाल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 50 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में एकत्रित रक्त को महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में उपचाराधीन जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। खनेरी अस्पताल में सीमावर्ती चार जिलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, जिससे विभिन्न रक्त समूहों की लगातार आवश्यकता बनी रहती है।
शहीद पवन धंगल रामपुर उपमंडल के पिथ्वी गांव के निवासी थे, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी स्मृति में पिछले आठ वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन समाजसेवा और मानवता की मिसाल बनता जा रहा है। इस रक्तदान शिविर का आयोजन ज्यूरी में ‘रक्तदान परिवार’ द्वारा किया गया। शिविर में आईटीबीपी के 22 जवानों सहित कुल 28 लोगों ने रक्तदान किया। स्थानीय युवाओं और संस्थाओं के सहयोग से क्षेत्र में रक्त की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर को सफल बनाने में रक्तदान परिवार ज्यूरी के सुनील शर्मा, सुनील गुप्ता, अरविंद सूद, संजय सोनी, रुपेश्वर सिंह, अरुण शर्मा, अविनाश सहयोगी, राजीव कुमावत, हरीश, अजय वर्मा, ज्योति लाल सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
