एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह में कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सड़क हादसे में पंजाब के अमृतसर निवासी 26 साल के युवक मौत हो गई। मृतक की पहचान राजिंद्र कुमार निवासी गांव गोपालपुरा, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजिंद्र कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक पर अमृतसर से मणिकर्ण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुल्लू की तरफ जा रहे एक ट्रक के साथ उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान राजिंद्र कुमार का सिर ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।
