एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय फाग मेले के अंतर्गत बुशहर कार्निवल की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ननखड़ी को सीबीएसई से जोड़ने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। आयोजन समिति और स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढंग से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकार राजीव राजा और रमेश ठाकुर के गानों पर दर्शक झूम उठे। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। वॉइस ऑफ बुशहर के विजेता विनेश जोशी और राज ठाकुर ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि फाग मेला और बुशहर कार्निवल क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं और लोक कला को संजोने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है।
बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राहुल सोनी और उनकी टीम की भूमिका की भी सराहना की गई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तर्ज पर बुशहर कार्निवल को नई पहचान दिलाने के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने लोक नृत्य, लोक संगीत और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
