एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विश्व रेबीज दिवस 2026 के उपरांत पशुपालन विभाग की ओर से रामपुर उपमंडल के पांच विद्यालयों में एक दिन में रेबीज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1,850 विद्यार्थियों को रेबीज, पशु व्यवहार, सुरक्षित पशु संपर्क और बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम डीएवी पब्लिक स्कूल रामपुर में 800, पीएम श्री पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में 500, राजकीय विद्यालय दत्तनगर में 150, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नीरसू में 50 तथा राजकुमारी रत्नि देवी उत्कृष्ट विद्यालय नोगली में 350 विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए गए।
पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सालय दत्तनगर डॉ. अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को रेबीज के कारण, संक्रमण के तरीके और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेबीज 100 प्रतिशत जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर उचित उपचार और टीकाकरण से इसकी रोकथाम संभव है। उन्होंने पालतू कुत्तों का नियमित एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाने तथा पशुओं के साथ जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कुत्ते, बिल्ली, बंदर या किसी जंगली जानवर के काटने अथवा खरोंचने पर घाव को तुरंत कम से कम 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी से धोना चाहिए। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। घरेलू उपचार पर निर्भर रहने से बचने की भी सलाह दी गई।
बच्चों को बताए पशु व्यवहार के संकेत
विद्यार्थियों को समझाया गया कि डरे या आक्रामक पशु से दूरी बनाए रखें, अनजान पशुओं को बिना बड़े की निगरानी के न छुएं और खाना खाते, सोते या बच्चों की सुरक्षा करते कुत्ते को परेशान न करें। पशुओं के व्यवहार के संकेत समझना सुरक्षित मानव-पशु संबंध के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
डॉ. शर्मा ने “Zero by 2030” के वैश्विक लक्ष्य की जानकारी देते हुए कहा कि कुत्तों से होने वाली मानव रेबीज मृत्यु को समाप्त करने के लिए पशुपालन और स्वास्थ्य विभागों के साथ विद्यालयों, स्थानीय निकायों, अभिभावकों और आमजन की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने NAPRE के तहत मास डॉग वैक्सीनेशन, Animal Birth Control, जिम्मेदार पालतू पशु पालन और जन-जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संदेश रहा—“Stronger Together – Zero by 2030”। विद्यार्थियों से सही जानकारी, सुरक्षित व्यवहार और समय पर उपचार का संदेश परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की गई।
