एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रोहड़ू
उपमंडल रोहडू के तहत चिड़गांव तहसील के कुजवाणी गांव में अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग लगने से दो मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में भारी नुकसान होने की सूचना है।
राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह मकान चंद्रेश्वर प्रसाद और घनश्याम दास का बताया जा रहा है। मकान में पिछले कुछ समय से नेपाली मजदूर रह रहे थे। अग्निकांड के दौरान जालीदार बाड़े में बंद करीब 50 मुर्गियां जिंदा जल गईं। इसके अलावा बागवानी से जुड़े उपकरण, आटा पीसने की मशीन और मजदूरों का घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और अग्निशमन विभाग की टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के मकानों को बचा लिया गया।
करीब 10 लाख का नुकसान
नायब तहसीलदार चिड़गांव सुरेंद्र दाऊटू ने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है।
