एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के तहत आने वाले शाहतलाई थाना क्षेत्र के मल्होट में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक भेड़ पालक की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मल्होट क्षेत्र में एक भेड़ पालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही शाहतलाई थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक गद्दी समुदाय से संबंधित था और करीब चार-पांच दिन पहले ही अपनी भेड़ों के साथ मल्होट में अस्थायी डेरा डालकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के निरीक्षण से पता चला है कि मृतक की हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है। गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि मृतक और आरोपी दोनों ही भेड़ पालक हैं और एक ही समुदाय से संबंधित हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजिश या किसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, तलाश में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया गया है। उधर, एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मल्होट में 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर हमला किया और फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
