एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। इस हादसे में एक जेबीटी शिक्षक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार चडी-घेरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खड्ड के किनारे जा गिरी। हादसा इतना भयंकर था कि वाहन के पुर्जे अलग-अलग दिशाओं में बिखर गए। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान करण बहादुर (40) और करीना देवी (18) निवासी गांव कुट, ग्राम पंचायत भितलू के रूप में हुई है। करण बहादुर राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्याडा में जेबीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे में घायल तीन लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल धर्मशाला रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बारे में सुबह पता चला
चश्मदीदों के अनुसार हादसा रात के समय सुनसान इलाके में हुआ, जिससे किसी को तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे गाड़ी के पुर्जे देखे, तब जाकर हादसे का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
