एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में फीस वृद्धि के फैसले के खिलाफ स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की रामपुर इकाई ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने इस निर्णय को छात्र विरोधी बताते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
SFI रामपुर इकाई के सचिव राहुल विद्यार्थी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा फीस बढ़ाने का फैसला शिक्षा के व्यापारीकरण की ओर एक खतरनाक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्र पहले ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में फीस वृद्धि का निर्णय उनकी परेशानियों को और बढ़ाएगा। राहुल विद्यार्थी के अनुसार सरकार और प्रशासन शिक्षा को अधिकार के बजाय मुनाफे का साधन बनाने में लगे हुए हैं।
SFI नेता ने विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी, बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जर्जर ढांचे की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को दूर करने के बजाय फीस बढ़ाना प्रशासन की विफलता को दर्शाता है। राहुल विद्यार्थी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फीस वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो SFI रामपुर इकाई सड़कों से लेकर विश्वविद्यालय परिसरों तक व्यापक और उग्र आंदोलन छेड़ेगी।
