एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Himachal Nagar Nikay Elections : राज्य सरकार ने 22 नए गठित शहरी स्थानीय निकायों में परिसीमन (Delimitation) और आरक्षण प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य सरकार के अनुसार, इन शहरी निकायों में अभी पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते परिसीमन-आरक्षण प्रक्रिया को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। पहले इन कमियों को दूर किया जाएगा, उसके बाद ही चुनाव होंगे।
प्रशासनिक और चुनावी प्रक्रियाएं रहेंगी स्थगित
शहरी विकास विभाग की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जब तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं होतीं, तब तक इन 22 निकायों में चुनावी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी। इन निकायों में नगर पंचायत बीड़ भी शामिल है, जहां अब फिलहाल चुनाव नहीं होंगे।
53 अन्य निकायों में चुनाव प्रक्रिया तेज, रोस्टर फाइनल के निर्देश
वहीं दूसरी ओर, राज्य के अन्य 53 शहरी स्थानीय निकायों में चुनावी प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को आरक्षण रोस्टर तुरंत तैयार कर सरकार को भेजने के आदेश दिए गए हैं, ताकि चुनाव में किसी प्रकार की देरी न हो।
