एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के 412 मेगावाट क्षमता वाले रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक 2108.034 मिलियन यूनिट वार्षिक विद्युत उत्पादन दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अपने 11 वर्षों के संचालन इतिहास में यह पहली बार है जब परियोजना ने 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार किया है।
इससे पहले परियोजना का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन वर्ष 2019-20 में 2098.03 मिलियन यूनिट दर्ज किया गया था, जिसे छह वर्षों बाद पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया गया है। परियोजना ने 1,878 मिलियन यूनिट के निर्धारित डिज़ाइन एनर्जी लक्ष्य को भी समय से काफी पहले हासिल कर लिया, जो इसके कमीशन होने के बाद सबसे तेज उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार करना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि टीम की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का प्रमाण है।
निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस सफलता का श्रेय कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना को दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना ने उत्पादन के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। निदेशक (वित्त) पार्थजित डे ने भी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संगठन की मजबूत परिचालन क्षमता और देश के ऊर्जा क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है।
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि यह सफलता पूरी टीम के समर्पण, तकनीकी उत्कृष्टता और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने इसे परिचालन दक्षता, विश्वसनीयता और संसाधनों के बेहतर उपयोग का प्रतीक बताया।
रामपुर एचपीएस निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए नए मानक स्थापित कर रहा है और ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
