एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। आईएसबीटी क्षेत्र में स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 288 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी शमशाद अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक कई मामलों में चिट्टा बरामद किया गया है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा पहली बार सामने आई है। मामले में बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अंबाला से शिमला लाई गई थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह नशा अंबाला से शिमला लेकर आया था। यहां इसे आगे स्थानीय नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था। बरामद चिट्टे की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को शक है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसमें कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। बुधवार देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कैरी बैग की तलाशी ली, जिसमें से 288 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
उधर, जिला सोलन के परवाणू में एक अन्य मामले में चिट्टा तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने पहले से सूचना मिलने पर नाका लगाया था, लेकिन आरोपी को भनक लगने के बाद वह मौके से भाग निकला। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
