एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर 53.13 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए गिरोह के मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाकर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना रोहड़ू को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गुदड़ू मोहल्ला रोहड़ू स्थित पिंकू राम की दुकान में कुछ युवक अवैध चिट्टा की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी पिंकू राम निवासी गांव कनेवरा, डाकघर कांसाकोटी, रोहड़ू और सुनील पुहारता निवासी गांव शरौंथा, रोहड़ू के कब्जे से 53.13 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
रोहड़ू क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का काम कर रहा था पिंकू
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंक खातों की जांच और आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस बरामदगी के पीछे एक संगठित सप्लाई नेटवर्क सक्रिय था। जांच में सामने आया कि आरोपी पिंकू राम, सलमान हैदर निवासी गांव रसूलपुरा सैय्यद, नजीबाबाद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के लिए रोहड़ू क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का कार्य कर रहा था।
रोहड़ू में मैकेनिक का काम कर चुका आरोपी
सलमान हैदर पूर्व में रोहड़ू बाजार में मैकेनिक के रूप में कार्य कर चुका है और उसी दौरान उसने स्थानीय नेटवर्क विकसित कर मादक पदार्थों की सप्लाई श्रृंखला स्थापित की। वह कई बार भारी मात्रा में चिट्टा आरोपी पिंकू राम को उपलब्ध करवा चुका था, जिसे आगे स्थानीय युवाओं को बेचा जाता था। जांच में सलमान हैदर इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर पाया गया। मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। तकनीकी निगरानी और सतत प्रयासों के बाद 11 अप्रैल को आरोपी सलमान हैदर को जिला बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें
Shimla News : ठियोग में 34.44 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब का सप्लायर समेत पांच गिरफ्तार
Shimla Chitta Case: 40 ग्राम चिट्टे के साथ महिला गिरफ्तार, पूरे गिरोह की तलाश में पुलिस जांच तेज
