एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना (नोगली) में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं के लिए वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था और ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में एकलव्य सदन, गौतम बुद्ध सदन, कौटिल्य सदन और अर्जुन सदन के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने तर्कों के माध्यम से पंचायती राज प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में गौतम बुद्ध सदन ने प्रथम और एकलव्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वाद विवाद के दौरान छात्रों ने पंचायतों की भूमिका, कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सशक्त पंचायतें देश के समग्र विकास की आधारशिला हैं और युवाओं की भागीदारी से ही पंचायतें अधिक प्रभावी बन सकती हैं। संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने विद्यार्थियों को समाज सेवा और स्थानीय प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रबंधन समिति ने आयोजन समिति के सदस्यों, विशेष रूप से सहायक प्रोफेसर ईश्वर्या चौहान, मोनिका रैना, अजय स्नेही और यशवंत ठाकुर को बधाई दी। अंत में संस्थान प्रबंधन द्वारा सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
