एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
जीबी पंत महाविद्यालय रामपुर के समाजशास्त्र विभाग के एमए द्वितीय वर्ष के छात्रों ने उन्नत भारत अभियान के तहत विकास खंड रामपुर के लालसा गांव में दुग्ध उत्पादन से संबंधित सर्वेक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में भूगोल विभाग के प्राध्यापक प्रो. जितेंद्र साहनी, समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका प्रो. संगीता नेगी और प्रो. जयंती नेगी ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों ने स्थानीय पशुपालकों से संपर्क कर दुग्ध उत्पादन, पशुओं की संख्या तथा आय से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की। सर्वेक्षण में पाया गया कि अधिकांश परिवारों के पास 2 से 3 गायें हैं, जिनसे वे प्रतिदिन दूध उत्पादन करते हैं और उसे दत्तनगर स्थित मिल्क प्लांट में बेचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने शुरुआत में मात्र 38 लीटर दूध बेचकर इस व्यवसाय की शुरुआत की थी, जो अब बढ़कर करीब 1300 लीटर प्रतिदिन हो गई है।
हालांकि, पशुपालकों को कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। इनमें पानी की कमी, पशु चिकित्सकों का अभाव, चारे की कमी और पशुओं के लिए समय पर दवाइयों की उपलब्धता न होना शामिल है। ग्रामीणों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से उचित कदम उठाने की मांग की, ताकि दुग्ध उत्पादन और आय में और वृद्धि हो सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
